Last Updated:
Success Story : यह कहानी है मुंबई में चल रहे ‘दिल्ली से’ नाम वाली छोले-भटूरे की दुकान की. इसे शुरू करने वाले दो भाई जसपाल और महेंदर 18 लाख के घाटे में चले गए थे, लेकिन एक दिन अनुष्का शर्मा ने उनकी दुकान पर भटूरे मंगाने के लिए कॉल किया और फिर किस्मत बदल गई. आज उनकी बिक्री 2 करोड़ हर महीने पहुंच गई है.
मुंबई में ‘दिल्ली से’ नाम की छोले-भटूरे की दुकान काफी चलती है.
नई दिल्ली. किस्मत कब चमक जाती है, कुछ कहा नहीं जा सकता है. बस आप मेहनत करते रहिए और लगन के साथ लक्ष्य की ओर चलते रहें. एक दिन सफलता आपके कदम जरूरी चूमने आएगी. यह कहानी भी ऐसे ही एक दुकानदार की है, जो मुंबई की सड़कों पर छोले-भटूरे लगाता था. उस पर 18 लाख का कर्जा भी हो गया था, लेकिन एक दिन उसकी किस्मत पलटी और विराट कोहली के घर से ऑर्डर आ गया. बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने इस दुकान से भटूरे का ऑर्डर क्या दिया, आज उसकी सेल 2 करोड़ रुपये महीने पहुंच गई है.
मुंबई के चेम्बूर इलाके में छोले-भटूरे की एक छोटी सी दुकान है. इसे चलाने वाले पर 18 लाख रुपये का कर्ज हो गया था और वे दुकान को बंद करने की तैयारी में थे. तभी बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने अपने पति और क्रिकेटर विराट कोहली के लिए इसी दुकान से भटूरे ऑर्डर कर दिए. उन्हें दिल्ली स्टाइल के भटूरे खाने थे, जो इसी दुकान पर मिलते हैं. इस ऑर्डर ने दुकान की किस्मत बदल दी. इसके बाद स्टैंड अप कॉमेडियन अभिषेक उपमन्यु ने भी इस दुकान से भटूरे खरीदने का वीडियो बनाकर डाला. बस फिर क्या था. दुकान चल पड़ी और आज रोजाना हजारों प्लेट भटूरों की बिक्री होती है.
कितना बड़ा है यह रेस्तरां
मुंबई में ‘दिल्ली से’ नाम के इस रेस्तरां को जसपाल सिंह खालसा और महिंदर सिंह खालसा नाम के दो भाइयों ने शुरू किया था. अक्टूबर, 2021 में शुरू हुआ यह रेस्तरां महज 250 वर्गफुट में बना हुआ है. दुकान में सिर्फ तीन टेबल लगी हैं और 9 कुर्सियां हैं. दोनों भाईयों ने मुंबई और नवी मुंबई को मिलाकर 4 आउटलेट खोल रखे हैं. इस रेस्तरां की किस्मत तब पलटी जब सितंबर, 2022 में एक स्टैंडअप कॉमेडियन उपमन्यु यहां पहुंचे और छोले-भटूरे खाए. बाद में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर भी इसकी स्टोरी साझा की.
एक पोस्ट से बढ़ने लगा बिजनेस
तब तक दुकान चलाने वाले दोनों भाईयों को पता तक नहीं था कि उनकी दुकान पर आए उपमन्यु आखिर हैं कौन. लेकिन, उनकी पोस्ट के बाद दुकान पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई. जसपाल ने बताया कि 13 सितंबर को अभिषेक हमारे स्टॉल पर आए, तब हम उन्हें नहीं पहचानते थे. फिर 14 और 15 सितंबर को ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी और उनकी पोस्ट को देखकर ही अनुष्का शर्मा ने भी हमारे यहां से ऑर्डर किया. यह ऑर्डर विराट कोहली के लिए था. इस ऑर्डर के बाद तो हमारी निकल पड़ी.
अनुष्का की कॉल ने चौंकाया
जसपाल ने बताया कि उनके पास एक दिन अनुष्का शर्मा की कॉल आई और उन्होंने 2 प्लेट छोले-भटूरे का ऑर्डर दिया. पहले तो लगा कि यह कॉल एक प्रैंक है, लेकिन चेम्बूर से जुहू तक 120 रुपये कीमत वाली 2 प्लेट सप्लाई की गई. यह काफी दूरी थी लेकिन कॉल करने वाले ने कहा कि उन्हें डिलीवरी के अतिरिक्त पैसे दिए जाएंगे. अनुष्का ने उनसे बैंक डिटेल मांगी तो वे घबरा गए कि कहीं खाता हैक न हो जाए. इसकी जानकारी भाई को दी तो उसने कहा कि खाते में पैसे नहीं हैं और महिला को डिटेल दे दीजिए.
अनुष्का ने बताया अपना नाम
अनुष्का ने आखिरकार अपने नाम का खुलासा किया और कहा कि वे विराट कोहली के घर से बोल रहीं हैं. जसपाल ने बताया कि फिर भी उन्हें यकीन तो नहीं हुआ लेकिन ऑर्डर ले लिया. हालांकि, उनसे कहा कि मैम मजाक मत कीजिए. कहां विराट कोहली और कहां मेरी छोटी सी दुकान. तब उन्होंने कहा कि आपको यकीन करना होगा, वरना आप हमारे घर छोले-भटूरे डिलीवर करने का मौका गंवा देंगे. आखिरकार 5 अक्टूबर, 2022 को विराट कोहली के घर छोले-भटूरे की डिलीवरी हुई.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…
और पढ़ें