![]()
कोडरमा के झुमरीतिलैया में पूर्णिमा टॉकीज के पास मंगलवार शाम एक व्यक्ति से ठगी हुई। नकली पुलिस बनकर आए बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। पीड़ित नरेंद्र मोदी ने बताया कि वे बाजार में थे, तभी बाइक पर सवार दो लोग उनके पास आए। उन्होंने खुद को एसपी कार्यालय का कर्मी बताया और बाइक रोक दी। बदमाशों ने कहा कि दुर्गा पूजा के समय सोने की चेन और अंगूठी पहनकर बाजार में न घूमें। इसके बाद उन्होंने नरेंद्र से गले की सोने की चेन और उंगलियों की अंगूठी उतरवाई। इसे एक कागज में मोड़कर उन्हें थमा दिया और वहां से चले गए। जब नरेंद्र ने कागज खोला तो उसमें एक पत्थर का टुकड़ा मिला। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले ठगी का पता चलते ही नरेंद्र ने बदमाशों की तलाश की और तिलैया पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी विनय कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें दो हेलमेट पहने लोग बाइक पर आकर ठगी करते और फरार होते दिखे। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है। बताते चलें कि पूर्व में भी इस प्रकार के कई मामले सामने आ चुके हैं। बावजूद इसके लोग इन ठगों की बातों में आकर अपना नुकसान करवा लेते हैं। इधर, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे इस प्रकार के झूठ और अनजान लोगों की बातों में फंसने के बजाय इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। बताते चलें कि नरेंद्र के सोने की चेन और अंगूठी की कीमत लगभग 2 लाख रुपए की थी।
Source link