दीपावली के मौके पर राजधानी रांची में निर्बाध विद्युत आपूर्ति (जीरो कट पावर सप्लाई) को लेकर झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) का दावा छिटपुट फॉल्ट को छोड़कर जमीनी स्तर पर काफी हद तक खरा उतरा। हटिया-राजभवन मेन ट्रांसमिशन लाइन अचानक ट्रिप होने से मधुकम, पहाड़ी मंदिर और रातू रोड क्षेत्र में कुछ पल के लिए बिजली की आंख-मिचौली हुई। लेकिन क्विक रिस्पॉन्स टीमों की सक्रियता के कारण महज 7 से 10 मिनट के भीतर वैकल्पिक व्यवस्था कर बिजली बहाल कर दी गई। त्योहार पर बिजली की निरंतर उपलब्धता ने यह साबित कर दिया है कि बेहतर प्रबंधन और त्वरित तकनीकी निगरानी हो तो राजधानी में जीरो कट बिजली देना पूरी तरह संभव है। कुछ इलाकों में चंद मिनटों की ट्रिपिंग को छोड़ दें तो पूरे शहर में रोशनी की निरंतरता बनी रही। अब आम उपभोक्ताओं की नजर छठ पर टिकी है कि निगम इसे आगे भी बरकरार रखेगा।
Source link