![]()
लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए धनबाद रेल मंडल ने विशेष व्यवस्था की है। मंडल के 48 संवेदनशील स्थानों से गुजरने वाली ट्रेनों की रफ्तार अर्घ्य के समय नियंत्रित रखी जाएगी। इन स्थानों पर ट्रेनें 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से गुजरेंगी। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने और सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान यह व्यवस्था लागू रहेगी। रविवार को दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक तथा सोमवार को सुबह तीन बजे से 11 बजे तक ट्रेनों की गति नियंत्रित रहेगी। दरअसल, रेलवे लाइन के आसपास कई तालाब और जलाशय स्थित हैं। छठ घाटों तक पहुंचने के लिए कई जगह श्रद्धालु और व्रती रेलवे ट्रैक पार करते हैं। इस दौरान किसी तरह की दुर्घटना रोकने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने यह कदम उठाया है। चिह्नित संवेदनशील स्थानों पर रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की तैनाती भी की जाएगी। गया-कोडरमा-धनबाद रेलखंड पर विशेष निगरानी धनबाद रेल मंडल के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त अनुराग मीणा ने बताया कि गया-कोडरमा-धनबाद रेलखंड के चिह्नित संवेदनशील स्थानों से ट्रेनों को धीमी गति से चलाया जाएगा। पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने धनबाद और पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेल मंडल समेत अन्य मंडलों के डीआरएम को यात्रियों की सुविधा और रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत चिह्नित स्थानों पर आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी एवं जवान तैनात रहेंगे। वे रेलवे ट्रैक के आसपास निगरानी रखने के साथ घाटों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं की मदद भी करेंगे। रेलवे का प्रयास है कि अर्घ्य के दौरान रेलवे लाइन के आसपास भीड़ जमा होने और लोगों के पटरी पार करने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इसके लिए संबंधित रेल अधिकारियों और सुरक्षा बलों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। कोडरमा-गया रेलखंड के पांच स्टेशन क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था कोडरमा आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि कोडरमा-गया रेलखंड के टनकुप्पा, पहाड़पुर, वंशीनाला, गुरपा और बंधुआ स्टेशन क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा हजारीबाग रोड से परसाबाद और कोडरमा के बीच भी निगरानी रखी जाएगी। इन इलाकों में छठ घाटों के आसपास रेलवे ट्रैक पर लोगों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा बलों को सतर्क किया गया है। वहीं, पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सह आरपीएफ आईजी अमरेश कुमार पूरे इंतजाम की निगरानी कर रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया है। छठ के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे ट्रैक के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
Source link