![]()
हजारीबाग जिले के बड़कागांव वन एवं थाना क्षेत्र के जोराकाठ जंगल में बुधवार सुबह एक टस्कर हाथी मृत अवस्था में मिला। जंगल की ओर जा रहे ग्रामीणों ने हाथी का शव देखा। इसके बाद इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों और वन सुरक्षा समिति के सदस्यों को दी गई। बताया जा रहा है कि मृत हाथी हाथियों के एक झुंड के साथ रहता था। घटना की जानकारी मिलते ही बड़कागांव और चरही वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने जंगल में देखा हाथी का शव ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार सुबह जंगल जाने के दौरान उनकी नजर मृत हाथी पर पड़ी। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और वन सुरक्षा समिति के सदस्य भी सक्रिय हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों का झुंड घटनास्थल के आसपास ही मौजूद है। मृत टस्कर भी इसी झुंड का हिस्सा था। हाथी की मौत की खबर फैलने के बाद इलाके में चर्चा शुरू हो गई। वरीय पदाधिकारियों को दी गई सूचना घटना की जानकारी मिलने पर बड़कागांव और चरही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घटना बड़कागांव वन एवं थाना क्षेत्र में होने के कारण बड़कागांव वन विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारियों को सूचना दी गई है। फिलहाल हाथी की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वन विभाग की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link