![]()
झारखंड में आज से मौसम का मिजाज बदलने लगेगा। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से रांची समेत राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 20 और 21 नवंबर को चक्रवात का सबसे अधिक असर देखने को मिलेगा। इस दौरान राज्य के 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। गरज के साथ बारिश, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। बारिश और बादलों के कारण दिन के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे दिन में भी ठंड और सिहरन महसूस होगी। मौसम में बदलाव के बीच सुबह के समय कुहासा छाए रहने का भी अनुमान है। दो दिनों में और गिरेगा तापमान मौसम में बदलाव से पहले ही राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान गिरने लगा है। पिछले 24 घंटे में रांची के अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 4.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी। बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, जमशेदपुर के न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री, मेदिनीनगर में 3.1 डिग्री, बोकारो में 2.9 डिग्री और चाईबासा में 2.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आयी। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, अगले दो दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में करीब तीन डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। दक्षिण और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती सिस्टम लगातार मजबूत हो रहा है। 19 नवंबर को इसके अति गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। 20 नवंबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश के तट पर नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच इसके टकराने का अनुमान है। तट से टकराने के बाद तूफान कमजोर पड़ सकता है, लेकिन इससे आने वाली नमी ओडिशा के रास्ते झारखंड तक पहुंचेगी। 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग के अनुसार, आज रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो और धनबाद में आसमान में बादल रह सकते हैं। दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। 20 नवंबर को रांची, लातेहार, गुमला, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, 21 नवंबर को गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। बारिश और खराब मौसम के कारण सड़क यातायात तथा सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है। खासकर सुबह के समय कुहासा रहने से दृश्यता कम हो सकती है। 22 नवंबर से कमजोर होगा चक्रवाती सिस्टम मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, 22 और 23 नवंबर से चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव कमजोर पड़ने लगेगा। इसके साथ ही बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। 24 नवंबर से आसमान साफ होने का अनुमान है। हालांकि, सुबह के समय कुहासा छाये रहने का सिलसिला जारी रह सकता है। आसमान साफ होने के बाद रात के तापमान में फिर गिरावट आने और ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गयी है। बारिश और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।
Source link