![]()
धनबाद के बरवाअड्डा स्थित निरंकारी चौक के पास बुधवार की रात भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये, जबकि तीसरा युवक मौके से फरार हो गया। घायलों की पहचान टुंडी के बरवाटांड़ निवासी तपन मंडल और मनबोध मंडल के रूप में हुई है। टक्कर के बाद बाइक स्कॉर्पियो में फंस गयी। इसके बावजूद चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय बाइक को काफी दूर तक घसीटना जारी रखा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। सड़क से गुजर रहे लोग दुर्घटना का भयावह दृश्य देखकर सहम गये। हादसे के बाद की तस्वीरें देखें… विज्ञान विहार कॉलोनी में लगी आग प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार भागने की कोशिश में बाइक को गाड़ी में फंसाये हुए ही विज्ञान विहार कॉलोनी की ओर बढ़ गये। इसी दौरान स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गयी। देखते ही देखते गाड़ी से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए स्कॉर्पियो में सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गये। कुछ ही देर में गाड़ी आग की चपेट में आ गयी। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त बाइक और धू-धूकर जलती स्कॉर्पियो को देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। एक ओर सड़क पर घायल युवक पड़े थे, तो दूसरी ओर स्कॉर्पियो में लगी आग से आसपास के लोगों के बीच भी खतरे की आशंका बनी हुई थी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों घायल युवकों को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच), धनबाद भेजा। वहीं, जलती स्कॉर्पियो की सूचना दमकल विभाग को दी गयी। दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद राहत मिली, लेकिन तब तक स्कॉर्पियो बुरी तरह प्रभावित हो चुकी थी। घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार लोगों के फरार होने से कई सवाल खड़े हो गये हैं। पुलिस अब दुर्घटना में शामिल वाहन के चालक और अन्य सवारों की तलाश में जुटी है। साथ ही हादसे के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटायी जा रही है।
Source link