![]()
झारखंड में आज भी चक्रवात अकवन का असर देखने को मिलेगा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाये रहेंगे। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 22 नवंबर को भी राज्य के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पूर्वी सिंहभूम के गुराबांधा में सबसे अधिक 53.2 मिमी वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार, 23 नवंबर से बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। इसके बाद 24 नवंबर से आसमान साफ होने और मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। कई जिलों में हुई बारिश, गुराबांधा में 53.2 मिमी वर्षा चक्रवात अकवन के प्रभाव से झारखंड के मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम के गुराबांधा में सर्वाधिक 53.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। चक्रधरपुर में 52.2 मिमी, मझगांव में 47.2 मिमी, बहरागोड़ा में 46.4 मिमी और गुड़री में 43.5 मिमी वर्षा हुई। सदर चाईबासा में 41.6 मिमी, चाईबासा में 33.4 मिमी और जमशेदपुर में 22.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। सिमडेगा में भी 7.8 मिमी वर्षा हुई। तापमान की बात करें तो देवघर में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान में अधिकांश स्थानों पर विशेष बदलाव नहीं हुआ, जबकि कुछ इलाकों में गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर, न्यूनतम तापमान में कई स्थानों पर 2.1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई। कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। ओडिशा तट के पास कमजोर पड़ रहा चक्रवात मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान अकवन उत्तर-पश्चिम दिशा में 26 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा था। 20 नवंबर की सुबह 8:30 बजे यह ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट के पास स्थित था। उस समय इसकी हवा की गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे थी। हवा के झोंकों की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही थी। हालांकि, अब इसके कमजोर होने की प्रक्रिया जारी है। अनुमान है कि अगले तीन घंटे में यह गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल जाएगा। इसके बाद छह घंटे के भीतर सामान्य दबाव के क्षेत्र में कमजोर पड़ सकता है। इसके बावजूद झारखंड में शनिवार को इसका प्रभाव बना रहेगा। रांची में आज दो या अधिक बार बारिश के आसार राजधानी रांची में शनिवार को आसमान में सामान्यत: बादल छाये रहेंगे। इस दौरान दो या इससे अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यहां अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। 22 नवंबर को भी बादल छाये रह सकते हैं और हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 23 नवंबर को रांची में आंशिक बादल रहेंगे, लेकिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। राज्य के दक्षिणी हिस्सों में इस दिन कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन की संभावना बनी रहेगी। 23 नवंबर की सुबह राज्य के कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा भी छा सकता है। 24 नवंबर को सुबह कोहरा या कुहासा रहने के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ हो जाएगा। इस दिन रांची का अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
Source link