Chronovissor

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

लुगुबुरू महोत्सव में हेमंत सोरेन ने पूजा की बाबूलाल मरांडी ने श्रद्धालुओं के बीच बांटी खिचड़ी देश विदेश से उमड़ा आस्था का जनसैलाब…




बोकारो जिले के ललपनिया स्थित संताल आदिवासी समाज की सर्वोच्च धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था के केंद्र लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोम गाढ़ में आयोजित तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव-2026 का समापन मंगलवार को श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के बीच हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ लुगू बाबा के दरबार में पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर संताल समाज सहित पूरे राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री के आगमन पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर मंत्री चमरा लिंडा, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री फागू बेसरा तथा नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी भी मौजूद रहे। विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक हस्तियों की मौजूदगी ने महोत्सव को विशेष पहचान दी। लुगू बाबा की छांव आदिवासियों की जीवनी शक्ति: मुख्यमंत्री श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि लुगू बाबा की छांव में पहुंचने से आदिवासी समाज को ऐसी शक्ति मिलती है, जो जीवन के लिए प्रेरणास्रोत बनती है। उन्होंने लुगुबुरू धाम को प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्यमंत्री ने बताया कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी गौरवशाली विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से यहां संग्रहालय का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा सीतानाला और ग्रीन रूम का विकास कार्य पूरा किया गया है। कल्याण विभाग की ओर से एक करोड़ रुपए की लागत से अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास कराया गया है। बाबूलाल मरांडी ने की पूजा, श्रद्धालुओं के बीच बांटी खिचड़ी महोत्सव में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी लुगू बाबा के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने समस्त राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद उन्होंने विशाल धार्मिक मेले में श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी का वितरण किया और लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने संताल समाज की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को गौरवशाली बताते हुए इस धार्मिक स्थल के महत्व को रेखांकित किया। मांदर की थाप पर झूमे श्रद्धालु, विदेशों से भी पहुंचे लोग 22 नवंबर से शुरू हुए इस तीन दिवसीय महोत्सव में झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा नेपाल और भूटान सहित देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पारंपरिक मांदर की थाप, संथाली लोकगीत, नृत्य और पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों की प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने लुगू बाबा की पवित्र गुफा में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोम गाढ़ संताल आदिवासी समाज की धार्मिक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, पूर्वजों की विरासत और सांस्कृतिक चेतना को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी है। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने संताल समाज की एकजुटता और अपनी संस्कृति के प्रति गहरी आस्था को प्रदर्शित किया।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top