![]()
कोडरमा के जयनगर में सड़क हादसे में घायल 19 वर्षीय अजमत अंसारी और उनकी बहन हसाबुन खातून की मौत हो गई। इसके बाद गुरुवार को परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। हादसा 10 अक्टूबर की सुबह जयनगर थाना क्षेत्र में प्रखंड कार्यालय के पास हुआ था। अजमत 25 वर्षीय बहन हसाबुन खातून को मरकच्चो स्थित उनके ससुराल से घर ला रहे थे। इसी दौरान एफसीआई के एजीएम बिनोद कुमार मोटरसाइकिल से कार्यालय की ओर मुड़ रहे थे। पीछे से आ रही अजमत की बाइक उनसे टकरा गई। हादसे के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी गौतम कुमार और अंचलाधिकारी सारांश जैन की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया। अजमत की 18 नवंबर की रात रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को हसाबुन खातून की भी मौत हो गई। अजमत की मौत की खबर गांव पहुंचने पर परिजन और ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर प्रखंड कार्यालय पर धरना देने की तैयारी करने लगे। सीओ और बीडीओ मृतक के घर पहुंचे और ग्रामीणों से बात की। इस दौरान ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए सीओ की गाड़ी घेर ली। अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच बातचीत के बाद मुआवजे पर सहमति बनी। एजीएम की ओर से 2 लाख रुपए और सरकारी प्रक्रिया के तहत 4-4 लाख रुपए देने का आश्वासन दिया गया। सहमति के बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
Source link