Last Updated:
CJP Chief Abhijeet Dipke: सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके का कहना है कि आज जनता का लोकतांत्रिक संस्थाओं से भरोसा उठ चुका है, जिसे बहाल करने के लिए जनआंदोलन की सख्त जरूरत है. इसी कड़ी में सीजेपी युवाओं की आवाज बुलंद करने, झारखंड के छात्रों से मिलने और परिसीमन व आर्थिक मुद्दों पर अपना दबाव बनाए रखने के लिए देशव्यापी अभियान चलाने की तैयारी में है.
अभिजीत दीपके ने कहा कि सीजेपी फिलहाल एक प्रेशर ग्रुप के तौर पर काम करेगी.
Abhijeet Dipke in Politics: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने बुधवार को अपनी रणनीति के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि उनका संगठन एक प्रेशर ग्रुप के तौर पर काम करेगा. कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने जंतर-मंतर आंदोलन के बाद देशभर में युवाओं के मुद्दों को लेकर आगे की रणनीति बनाने के लिए दो दिवसीय कोर कमेटी की बैठक बुलाई है. बैठक से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा, “फिलहाल, सीजेपी एक प्रेशर ग्रुप के तौर पर काम करेगा.”
उन्होंने कहा, “पहले आंदोलन की सफलता के बाद हमसे लोगों की उम्मीदें बढ़ी हैं. इसके साथ ही हमारी जिम्मेदारी भी बढ़ गई है. जंतर-मंतर का आंदोलन सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं था, बल्कि पूरे देश के युवाओं का आंदोलन बन गया. उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के बाद संगठन की जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए दो दिनों तक देशभर में युवाओं के लिए किस तरह काम किया जाए और आगे की रणनीति क्या हो, इस पर विस्तृत चर्चा की जाएगी.”
राजनीति में आने की संभावना पर पूछे गए सवाल के जवाब में अभिजीत दीपके ने कहा कि आज जनता का राजनीति, मीडिया और सरकार जैसी संस्थाओं पर भरोसा कम हुआ है. उनका कहना था कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में दोबारा विश्वास कायम करने के लिए जनआंदोलन और जनदबाव की जरूरत है. उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से लोग निराश हैं और इसी वजह से युवाओं ने देशभर में अपना आक्रोश दिखाया है. जंतर-मंतर से शुरू हुआ यह आंदोलन अब आगे भी जारी रहेगा.
दीपके ने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि अभी भारत को एक जनआंदोलन की जरूरत है. परिसीमन से जुड़े सवालों पर दीपके ने कहा कि बैठक में देश की आर्थिक स्थिति और युवाओं से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा होगी. वहीं, झारखंड के छात्रों से जुड़े प्रदर्शन पर अभिजीत दीपके ने कहा, “हम झारखंड में छात्रों से मिलने जाएंगे.”
इसी बीच, पार्टी के प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा कि संसद मार्च के दौरान संगठन के कई कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने कार्रवाई की थी. लाठीचार्ज में कई साथी घायल हुए और जंतर-मंतर क्षेत्र को चारों तरफ से घेर लिया गया था. उन्होंने बताया कि उस दौरान आशुतोष रंग और वे स्वयं सरकार के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत कर रहे थे. अब बैठक में आंदोलन के अगले चरण और संगठन के विस्तार को लेकर भी रणनीति तैयार की जाएगी.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
और पढ़ें