![]()
खान एवं खनिज विकास संशोधन अधिनियम को लेकर केंद्र और झारखंड सरकार आमने-सामने हैं। बुधवार से शुरू हो रहे विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र में इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस होने के आसार हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर बुलाए गए इस विशेष सत्र में एमएमडीआर एक्ट में केंद्र सरकार के संशोधन और उससे राज्य के वित्तीय हितों पर पड़ने वाले प्रभाव पर चर्चा होगी। राज्य सरकार का मानना है कि केंद्रीय संशोधन से झारखंड के राजस्व अधिकार प्रभावित होंगे। इसका असर राज्य की कल्याणकारी योजनाओं और खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास पर भी पड़ेगा। सरकार इस मुद्दे को संघीय ढांचे और राज्यों के अधिकारों से जोड़कर सदन में उठाएगी। वहीं, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर भी व्यापक चर्चा होगी। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को इस सत्र में अपना पक्ष रखने का मौका मिलेगा। सेस से इस साल 11 हजार करोड़ का लक्ष्य सुप्रीम कोर्ट के 2024 के फैसले के बाद राज्यों को खनिजों पर सेस लगाने का अधिकार मिला था। इसके बाद झारखंड सरकार ने झारखंड खनिज धारित उपकर अधिनियम के तहत विभिन्न खनिजों पर उपकर वसूली शुरू की। इससे वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य को 7350 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व मिला। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में 31 जुलाई तक इस मद में 4049 करोड़ रुपए प्राप्त हुए थे। अगस्त तक यह राशि बढ़कर 4657 करोड़ रुपए हो गई। राज्य सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष में खनिज सेस से 11 हजार करोड़ रुपए राजस्व प्राप्त करने का लक्ष्य रखा है। वर्तमान में कोयले पर 450 रुपए, आयरन ओर पर 600 रुपए, बॉक्साइट पर 180 रुपए और लाइमस्टोन पर 50 रुपए प्रति मीट्रिक टन सेस वसूला जा रहा है। तांबे पर मूल्य का 2.31 प्रतिशत, सोने पर लांबा गोल्ड प्राइस का दो प्रतिशत और सोना बाइ-प्रोडक्ट पर 1.65 प्रतिशत उपकर निर्धारित है। यह राशि रॉयल्टी और खनिज के निर्धारित मूल्य के अतिरिक्त वसूली जाती है। 1.36 लाख करोड़ के बकाये पर भी उठेगा सवाल केंद्रीय संशोधन के बाद खनिजों पर राज्य सरकारों की ओर से सेस वसूली पर रोक लग गई है। हालांकि, झारखंड सरकार ने इसे राज्यहित के खिलाफ बताते हुए सेस हटाने से इनकार किया है। सरकार ने राज्य से निकलने वाले खनिजों पर उपकर वसूली जारी रखने का फैसला किया है। सदन में झामुमो और सत्ता पक्ष के विधायक इस संशोधन का विरोध करेंगे। सरकार का तर्क है कि इससे झारखंड के राजस्व अधिकारों पर असर पड़ेगा। साथ ही केंद्र पर कोयला रॉयल्टी और जमीन लगान के मद में राज्य का 1.36 लाख करोड़ रुपए का दावा भी प्रभावित हो सकता है। राज्य सरकार का कहना है कि संशोधित कानून में खनिजों पर राज्य की ओर से किसी तरह का सेस लगाने पर रोक लगाई गई है। पुराने बकाये के भुगतान का रास्ता भी बंद किया गया है। एमएमडीआर एक्ट की धारा 2 में संशोधन कर केंद्र का नियंत्रण खदानों से आगे खनिज युक्त भूमि तक बढ़ाने का प्रावधान किया गया है। सरकार इसे राज्यों के अधिकारों में हस्तक्षेप मान रही है। भाजपा करेगी संशोधन का बचाव दूसरी ओर, विपक्षी भाजपा सदन में संशोधन अधिनियम 2026 का समर्थन करेगी। भाजपा का तर्क है कि यह कानून राज्य और राष्ट्रहित में है। पार्टी के अनुसार, अवैध खनन के कारण वैध खनन को भारी नुकसान हो रहा है। वहीं, खनिजों पर सेस लगने से झारखंड का कोयला और लोहा महंगा हो गया है। इससे उत्पादन लागत बढ़ी है और बाजार में मांग प्रभावित हुई है। भाजपा इसके समर्थन में कोयला उत्पादन के आंकड़े भी रखेगी। वित्तीय वर्ष 2024-25 की अप्रैल से जुलाई की अवधि में राज्य में कोयले का उत्पादन 44.78 मिलियन टन था। वित्तीय वर्ष 2025-26 की इसी अवधि में यह घटकर 37.25 मिलियन टन रह गया। भाजपा का तर्क होगा कि सेस के कारण खनिज महंगे होने से वैध खनन और उत्पादन प्रभावित हो रहा है। जब वैध खनन घटेगा, तो राज्य को मिलने वाला राजस्व भी प्रभावित होगा। ऐसे में विशेष सत्र में खनिज सेस को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव तय माना जा रहा है।
Source link