Chronovissor

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

दलित के कंधे पर बैठक नदी पार रहे थे विधायक बीच धार बैलेंस बिगाड़ा दोनों गिरे धार्मिक समारोह में शामिल होने पहुंचे थे…




पलामू के विश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। वीडियो में विधायक डेढ़ से दो फीट पानी वाली नदी को पार करने के लिए खुद पैदल उतरने के बजाय वार्ड सदस्य मनोज कुमार रवि के कंधे पर बैठे नजर आ रहे हैं। नदी के बीच पहुंचते ही वार्ड सदस्य का संतुलन बिगड़ गया और विधायक समेत दोनों पानी में गिर पड़े। घटना के बाद विधायक के इस व्यवहार पर सवाल उठ रहे हैं। खासकर तब, जब उनके क्षेत्र के ग्रामीण वर्षों से नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब नदी में पानी कम था, तो विधायक ने खुद पैदल चलने के बजाय एक जनप्रतिनिधि के कंधे पर सवारी करना क्यों जरूरी समझा। महोत्सव में शामिल होने जा रहे थे विधायक घटना सोमवार को विश्रामपुर प्रखंड की घासीदाग पंचायत के जमारी गांव जाने के दौरान हुई। गांव में महालक्ष्मी पूजन महोत्सव का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए विधायक नरेश प्रसाद सिंह जा रहे थे। गांव तक पहुंचने के रास्ते में धुरिया और झुमरी नदी पड़ती हैं। इन नदियों पर पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। विधायक भी इसी रास्ते से जा रहे थे। नदी में करीब डेढ़ से दो फीट पानी था। इसके बावजूद उन्होंने वार्ड सदस्य मनोज कुमार रवि के कंधे पर बैठकर नदी पार करने का फैसला किया। कुछ कदम आगे बढ़ने के बाद मनोज का संतुलन बिगड़ा और दोनों पानी में गिर गए। चप्पल हाथ में लेकर चल रहे थे समर्थक घटना का वीडियो सामने आने के बाद विधायक की खूब चर्चा हो रही है। वीडियो में विधायक के चप्पल किसी अन्य व्यक्ति के हाथ में दिखाई दे रहे हैं। नदी में गिरने के बाद दोनों भीग गए। इसके बाद विधायक खुद पैदल नदी पार कर महोत्सव में शामिल हुए। सोशल मीडिया पर लोग विधायक के इस तरीके पर सवाल उठा रहे हैं। चर्चा इस बात की भी है कि जनप्रतिनिधि होने के बावजूद विधायक ने खुद रास्ता तय करने के बजाय दूसरे जनप्रतिनिधि को अपना सहारा बनाया। बारिश में टापू बन जाता है जमारी गांव घासीदाग पंचायत का जमारी गांव बारिश के दिनों में चारों तरफ से नदियों से घिर जाता है। ऐसे में गांव का संपर्क दूसरे इलाकों से लगभग कट जाता है। ग्रामीणों को इलाज, शिक्षा और रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए नदी पार करनी पड़ती है। ग्रामीण लंबे समय से धुरिया और झुमरी नदी पर पुल बनाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों, बच्चों और बुजुर्गों को होती है। अब विधायक के नदी पार करने का वीडियो सामने आने के बाद पुल निर्माण का मुद्दा फिर चर्चा में है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top