![]()
सम्मान फाउंडेशन पर भुगतान में गड़बड़ी का आरोप झारखंड की 108 एम्बुलेंस सेवा के कर्मचारियों को अगस्त से अक्टूबर तक तीन माह का वेतन अब तक नहीं मिला है। दिवाली से पहले बकाया वेतन भुगतान का सरकारी आश्वासन भी बेअसर साबित हुआ। इससे नाराज एंबुलेंस किर्मयों ने 18 नवंबर से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ ने 17 नवंबर तक मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम दिया है, नहीं तो कर्मियों का हड़ताल पर जाना तय है। संघ ने गुरुवार को एनएचएम के अभियान निदेशक को पत्र लिखकर सेवा संचालित करने वाले सम्मान फाउंडेशन पर गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। अपर मुख्य सचिव के निर्देश के बाद भी नहीं हुआ वेतन का भुगतान 26 अक्टूबर को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में एनएचएम संविदा कर्मियों, आउटसोर्सिंग कर्मियों और सहियाओं के लंबित मानदेय व वेतन का भुगतान दीवाली से पहले करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद 108 एम्बुलेंस कर्मियों को बकाया वेतन नहीं मिला। इससे पहले भी कर्मचारियों ने वेतन भुगतान की मांग को लेकर आंदोलन किया था। उस दौरान अपर मुख्य सचिव ने छठ पूजा तक मांगों का समाधान करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद संघ ने आंदोलन स्थगित कर दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
Source link