![]()
धनबाद के कतरास में मंगलवार रात एक मार्बल दुकान में लगी भीषण आग ने करीब 50 लाख रुपए की संपत्ति को राख कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखे मार्बल, सीलिंग और काउंटर समेत पूरा सामान जलकर बर्बाद हो गया। घटना पचगढ़ी बाजार की है। आग लगने के बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से उसे बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। दमकल विभाग को सूचना देने के बावजूद वाहन पहुंचने में करीब पौने दो घंटे लग गए। इस दौरान आग लगातार फैलती रही। आखिरकार रात करीब 10 बजे दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि कतरास जैसे बड़े बाजार में दमकल केंद्र नहीं होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। दुकान बंद कर घर गए थे संचालक, धुआं निकलने की मिली सूचना पचगढ़ी बाजार के भटमुरना मार्ग पर दक्षिणेश्वर काली मंदिर के समीप रेनबो एजेंसी नामक मार्बल दुकान में मंगलवार रात करीब 8:20 बजे आग लगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। दुकान संचालक रात करीब 8 बजे प्रतिष्ठान बंद कर खाना खाने के लिए घर चले गए थे। इसी दौरान उन्हें दुकान से धुआं निकलने की सूचना मिली। वे आनन-फानन में दुकान पहुंचे। शटर खोलते ही अंदर लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग ने दुकान के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। बाजार में आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। छह फायर सिलिंडर भी बेअसर, बाल्टी-गैलन से आग बुझाने की कोशिश आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने सबसे पहले आसपास उपलब्ध संसाधनों से उसे बुझाने का प्रयास किया। पास के खेमका पेट्रोल पंप से छह फायर सिलिंडर मंगवाए गए। लोगों ने इनकी मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन लपटें लगातार बढ़ती रहीं। इसके बाद स्थानीय दुकानदार और ग्रामीण डेगची, गैलन और बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने में जुट गए। काफी देर तक लोग अपनी जान जोखिम में डालकर आग पर पानी डालते रहे। हालांकि, दुकान के अंदर रखे ज्वलनशील और अन्य सामान की वजह से आग पर तत्काल काबू पाना संभव नहीं हो सका। इस बीच आग ने दुकान में रखे मार्बल, सीलिंग और काउंटर समेत अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। पौने दो घंटे बाद पहुंची दमकल की गाड़ी, तब बुझी आग घटना की सूचना मिलने पर कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति संभालने का प्रयास किया। हालांकि, दमकल वाहन के देर से पहुंचने के कारण आग बुझाने में काफी समय लगा। सूचना मिलने के करीब पौने दो घंटे बाद रात 10 बजे दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। तब तक दुकान में रखे मार्बल, सीलिंग, काउंटर और अन्य सामान जल चुके थे। प्रारंभिक आकलन के अनुसार करीब 50 लाख रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है। दमकल केंद्र नहीं होने पर व्यापारियों में नाराजगी आग बुझने के बाद स्थानीय व्यापारियों ने कतरास में दमकल केंद्र नहीं होने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि पचगढ़ी बाजार समेत कतरास में बड़ी संख्या में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। ऐसे में आग लगने जैसी आपात स्थिति में दमकल वाहन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। मंगलवार रात की घटना में भी दमकल की गाड़ी समय पर नहीं पहुंच सकी। यदि दमकल वाहन पहले पहुंच जाता तो नुकसान कम हो सकता था। व्यापारियों ने कतरास में स्थायी दमकल केंद्र स्थापित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं के दौरान समय रहते आग पर काबू पाया जा सके।
Source link