![]()
पलामू जिले में सोमवार रात प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हिंसक झड़प हुई। सतबरवा थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव में काली पूजा के विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद में जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई। इसमें कई ग्रामीण और पुलिसकर्मी घायल हो गए। उपद्रवियों ने दो पुलिस वाहनों और प्रतिमा ले जा रहे ट्रैक्टर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। बताया जाता है कि सोमवार शाम डीजे को लेकर बच्चों के दो गुटों में मारपीट हुई थी। रात में एक पक्ष काली पूजा की प्रतिमा लेकर विसर्जन के लिए निकला, तो दूसरे पक्ष के लोग शाम की घटना को लेकर सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते घरों की छतों से पत्थर फेंके जाने लगे। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। SDPO पहुंचे, आधी रात प्रतिमा विसर्जन घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ राजेश यादव अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया। इसके बाद रात करीब 12 बजे काली पूजा की प्रतिमा का विसर्जन कराया गया। एसडीपीओ ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस अपने स्तर से प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी। वहीं, दूसरी घटना रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा में लक्ष्मी पूजा के दौरान हुई। यहां भी डीजे को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ। सूचना मिलने पर रेहला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस को घेर लिया और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पथराव में चार पुलिस जवान घायल हो गए। उपद्रवियों ने पुलिस की एक गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। रकसाहा में पुलिस ने चार राउंड की फायरिंग रकसाहा में भीड़ के हमले के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने हालात पर काबू पाने और खुद को बचाने के लिए करीब चार राउंड फायरिंग की। रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने चार जवानों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
Source link