![]()
गुमला के सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे बालू लदे ट्रैक्टर ने साइकिल सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। हादसे में पांचवीं कक्षा की छात्रा रितिका उरांव (10) की मौत हो गई। उसका छोटा भाई आयुष घायल हो गया।
.
हादसा टयसेरा मोड़ के पास ज्ञान ज्योति स्कूल के नजदीक हुआ। रितिका और आयुष स्कूल से साइकिल पर घर लौट रहे थे। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
स्थानीय लोग दोनों को अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने रितिका को मृत घोषित कर दिया। आयुष का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पांचवीं कक्षा की छात्रा थी रितिका
रितिका ब्राइट पर्ल स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ती थी। आयुष चौथी कक्षा का छात्र है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस जगह पर बालू लदे ट्रैक्टरों से पहले भी हादसे हुए हैं।
कुछ दिन पहले एक बाइक को टक्कर लगी थी, जिसमें दो युवकों की मौत हुई थी। लोगों का कहना है कि बिना नंबर वाले ट्रैक्टर नदी से बालू लादकर तेज रफ्तार में गुजरते हैं। उन्होंने इस पर रोक लगाने की मांग की है।