Last Updated:
Udaipur Haridwar Train: रेलवे को दिए गए सुझावों में नवजीवन एक्सप्रेस, प्रेरणा एक्सप्रेस और गुजरात मेल को उदयपुर तक चलाने की मांग भी शामिल है, इन ट्रेनों का विस्तार होने से गुजरात और पश्चिमी भारत के कई शहरों के लिए उदयपुर से सीधा रेल विकल्प मिल सकेगा.
उदयपुर: उदयपुर से देश के प्रमुख शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए आने वाले समय में रेल सुविधाएं और बेहतर हो सकती हैं. रेलवे को दिए गए 8 प्रमुख सुझावों में उदयपुर-हरिद्वार ट्रेन को रोजाना चलाने, मुंबई के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने और कई ट्रेनों का उदयपुर तक विस्तार करने की मांग की गई है.इन प्रस्तावों पर अमल होता है तो उदयपुर सहित पूरे मेवाड़ क्षेत्र के यात्रियों को बड़ा फायदा मिलेगा.
जोनल रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य ओम पालीवाल ने उत्तर-पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक और रेल मंत्रालय को रेल सुविधाओं के विस्तार से जुड़े 8 प्रमुख सुझावों का मसौदा सौंपा है.उनका कहना है कि अहमदाबाद रूट के विद्युतीकरण के बाद उदयपुर से देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने की संभावनाएं बढ़ी हैं.
हरिद्वार जाने वालों को मिलेगा बड़ा फायदा
सबसे महत्वपूर्ण सुझाव उदयपुर-हरिद्वार ट्रेन को रोजाना चलाने का है.फिलहाल यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलती है और यात्रियों की संख्या अधिक रहने से कई बार सीटें पूरी तरह भर जाती हैं.अगर इसका संचालन प्रतिदिन होता है तो उदयपुर और आसपास के यात्रियों को हरिद्वार जाने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा. धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ उत्तर भारत की यात्रा करने वाले लोगों को भी इसका फायदा होगा.
मुंबई के लिए बढ़ेगी कनेक्टिविटी
प्रस्ताव में उदयपुर-बांद्रा ट्रेन को वाया रतलाम प्रतिदिन चलाने की मांग भी की गई है. इससे उदयपुर से मुंबई की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी. व्यापार, रोजगार और पर्यटन के सिलसिले में मुंबई जाने वाले यात्रियों को नियमित ट्रेन मिलने से यात्रा आसान हो सकती है.
कई ट्रेनों का उदयपुर तक विस्तार
रेलवे को दिए गए सुझावों में नवजीवन एक्सप्रेस, प्रेरणा एक्सप्रेस और गुजरात मेल को उदयपुर तक चलाने की मांग भी शामिल है. इन ट्रेनों का विस्तार होने से गुजरात और पश्चिमी भारत के कई शहरों के लिए उदयपुर से सीधा रेल विकल्प मिल सकेगा.
प्लेटफॉर्म बढ़ाने की भी मांग
उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर मौजूदा प्लेटफॉर्म की संख्या बढ़ाने का सुझाव भी दिया गया है. इसमें प्लेटफॉर्म संख्या 5 से बढ़ाकर 8 करने की मांग रखी गई है. इससे भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन के साथ यात्रियों की बढ़ती संख्या को संभालने में मदद मिलेगी.
दिल्ली और भोपाल के लिए भी फायदा
सुझावों में उदयपुर-दिल्ली वंदे भारत को सुबह जल्दी चलाने, भोपाल के लिए नई ट्रेन शुरू करने तथा काठगोदाम-अजमेर और अजमेर-जम्मूतवी एक्सप्रेस का उदयपुर तक विस्तार करने की मांग भी की गई है.इन प्रस्तावों पर मंजूरी मिलती है तो उदयपुर से दिल्ली, भोपाल, जम्मू, काठगोदाम, मुंबई और हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को सीधा फायदा मिल सकता है.
फिलहाल ये सभी सुझाव रेलवे मंत्रालय के समक्ष रखे गए हैं. अब यात्रियों की नजर इन प्रस्तावों पर रेलवे की ओर से होने वाली कार्रवाई पर है.
About the Author
मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…
और पढ़ें