Last Updated:
Kumaraswamy Sonia Gandhi Comment Row: केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी की सोनिया गांधी पर टिप्पणी को लेकर बिहार के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने निशाना साधा है. तिवारी ने अपने फेसबुक पोस्ट में सवाल किया कि कांग्रेस के समर्थन से कर्नाटक का मुख्यमंत्री बनने के दौरान कुमारस्वामी को सोनिया गांधी के इटली मूल की याद क्यों नहीं आई. उन्होंने कुमारस्वामी के बयान को बचकाना बताते हुए कहा कि जब सत्ता विपक्ष से सवाल करने लगे तो समझना चाहिए कि ‘सत्ता संकट में है.’
सोनिया गांधी को लेकर दिए कुमारस्वामी के बयान पर शिवानंद तिवारी ने पलटवार किया है. (फाइल फोटो)
केंद्रीय इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी की कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेकर की गई टिप्पणी पर सियासी विवाद बढ़ता जा रहा है. बिहार के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने कुमारस्वामी के बयान पर पलटवार करते हुए सवाल उठाया है कि क्या केंद्र की सत्ता संकट में है? शिवानंद तिवारी ने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा कि कुमारस्वामी ने सोनिया गांधी के इटली मूल का जिक्र करते हुए उन पर निशाना साधा है. तिवारी ने सवाल किया कि 2018 में जब कांग्रेस के समर्थन से कुमारस्वामी कर्नाटक के मुख्यमंत्री बने थे, तब उन्हें सोनिया गांधी के इटली मूल की याद क्यों नहीं आई थी. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि कुमारस्वामी के पिता एचडी देवेगौड़ा भी कांग्रेस के समर्थन से प्रधानमंत्री बने थे.
पढ़ें शिवानंद तिवारी ने फेसबुक पोस्ट में क्या कहा?
क्या सत्ता संकट में है !
भारत सरकार के इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने सोनिया गांधी पर हमला करते हुए कहा है कि सोनिया गांधी इटली की रहने वाली हैं, इसलिए उनकी रगों में इटली का खून बहता है. उन्होंने यह टिप्पणी राष्ट्रगान और ‘वंदे मातरम्’ को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद के संदर्भ में की है.
अब कुमारस्वामी को कौन बताए कि 2018 में कांग्रेस के समर्थन से ही वे मुख्यमंत्री बने थे. हालांकि उस समय कांग्रेस के विधायकों की संख्या ज्यादा थी. भाजपा सरकार न बना ले इसी मकसद से कुमारस्वामी मुख्यमंत्री बनाये गए थे. लेकिन उस समय कुमारस्वामी को सोनिया गांधी के इटली मूल की याद नहीं आई थी! कुमारस्वामी भूल जा रहे हैं कि इन्हीं सोनिया गांधी की पार्टी के समर्थन से ही उनके पिता देवेगौड़ा साहब प्रधानमंत्री बने थे.
दरअसल कुमारस्वामी जी को भारतीय परंपरा का ज्ञान नहीं है. हमारी परंपरा में पिता का घर लड़की का घर नहीं होता है. पति का घर ही लड़की घर होता है. घर ही नहीं बल्कि लड़की का गोत्र भी बदल जाता है. घर की चाबी भी बहू को ही सौंपी जाती है. सोनिया गांधी का मूल भले ही इटली रहा हो, लेकिन जब उन्होंने एक हिंदुस्तानी से विवाह किया, तो वह हिंदुस्तान की बहू हो गईं. याद होगा, देश की जनता ने 2004 में देश की बहू के हाथ में देश की चाबी सौंप दी थी. सोनिया जी के नेतृत्व में ही गठबंधन को बहुमत मिला था. उस समय उनको प्रधानमंत्री बनने से कोई नहीं रोक सकता था. लेकिन उन्होंने मनमोहन सिंह जी को उस कुर्सी पर बैठा दिया. उस कुर्सी को उन्होंने छोड़ दिया जिस पर बैठने के लिए क्या-क्या तमाशा देश ने देखा है!
कुमारस्वामी का यह बयान बेहद बचकाना लगता है. सवाल तो सरकार से ही पूछे जाते हैं. लेकिन जब सत्ता के लोग प्रतिपक्ष से ही सवाल करने लगते हैं तो इसका अर्थ तो यही निकाला जा सकता है कि सत्ता संकट में है!
कुमारास्वामी ने क्या कहा था?
कुमारस्वामी ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘सोनिया गांधी से और क्या उम्मीद की जा सकती है. क्या सोनिया गांधी हमारे देश की हैं? वह शादी के बाद भारत आईं. उनकी नसों में बहने वाला खून इटली का है.’ कुमारस्वामी ने आगे कहा कि कांग्रेस को वंदे मातरम पसंद नहीं है और नेताओं को राष्ट्रगान व राष्ट्रीय गीत से जुड़े मुद्दों पर संकीर्ण मानसिकता का प्रदर्शन करने की कोई जरूरत नहीं है.
About the Author
साद बिन उमर मीडिया इंडस्ट्री में 15 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं, जहां वे होम पेज डेस्क पर काम करते हैं.
कहां से …
और पढ़ें