Last Updated:
जम्मू के आरएस पुरा इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया. विवाहिता का शव उसके ससुराल की छत पर मिला. घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके वाले ससुराल पहुंचे और पति समेत ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए. परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके पति ने उसकी हत्या की है.
महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से भड़के मायके वाले.
जम्मू के आरएस पुरा बॉर्डर इलाके से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों और इंसानी संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया. जिस घर में एक बेटी कभी दुल्हन बनकर आई थी, उसी घर की छत पर उसकी लाश मिली. बेटी की मौत की खबर सुनकर मायके वाले ससुराल पहुंचे तो उनके सामने बेटी की जिंदगी का सबसे दर्दनाक सच था.
विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी साफ नहीं है. लेकिन मायके वालों ने उसके पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था. मायके वालों ने आरोप लगाया कि बेटी की मौत के पीछे उसके पति का हाथ है.
बेटी की मौत से परिवार इस कदर टूट गया कि उनका गुस्सा भी फूट पड़ा. मायके वालों ने ससुराल के आंगन में बेटी को शादी के समय दिया गया दहेज और उसका सामान इकट्ठा किया और आग के हवाले कर दिया. इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे इलाके को भावुक कर दिया.
जिस घर में बेटी की डोली आई थी, उसी आंगन में उसका संस्कार
मायके वालों ने फिर उसी ससुराल के आंगन में बेटी का अंतिम संस्कार कर दिया. एक तरफ जलता हुआ दहेज था और दूसरी तरफ बेटी की चिता… परिवार के लिए यह पल शायद जिंदगी के सबसे कठिन पलों में से एक था.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मौत से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है. विवाहिता की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
फिलहाल मायके पक्ष के आरोपों की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाहिता की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई. क्या यह कोई हादसा था, आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई आपराधिक वजह थी? इन सवालों का जवाब जांच पूरी होने के बाद ही मिल पाएगा. लेकिन इस घटना ने एक परिवार से उसकी बेटी छीन ली और पीछे छोड़ दिया कई ऐसे सवाल, जिनका जवाब अब पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिलने का इंतजार है.