कोटा: हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना एक घर हो. खासकर जब कोई नया दंपती अपने जीवन की शुरुआत करता है तो उसका पहला सपना खुद का आशियाना बनाने का होता है. लेकिन घर बनाने से पहले सबसे बड़ा सवाल होता है कि प्लॉट कहां लें, कितने साइज का लें और उसकी कीमत कितनी होगी?
अगर आप भी कोटा में अपना मकान बनाने की प्लानिंग कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए उपयोगी हो सकती है. हम आपको बताएंगे कि कोटा में किन इलाकों में प्लॉट मिल रहे हैं और मकान बनाने में कितना खर्च आ सकता है.
पाटन रोड पर 6 से 7 लाख में प्लॉट
कोटा के पाटन रोड इलाके में कई कॉलोनियां विकसित हो रही हैं. यहां चैतन्य नगर और नीलकंठ एन्क्लेव जैसी कॉलोनियों में अलग-अलग साइज के प्लॉट उपलब्ध होने की जानकारी सामने आई है. यहां करीब 6 से 7 लाख रुपये में 40×20 और 30×50 फीट जैसे प्लॉट मिलने की बात बताई गई है. कॉलोनीवासियों का कहना है कि मकान बनाने के लिए इधर की लोकेशन अच्छी है हरियाली रहती है, पॉल्यूशन नहीं रहता ओर शांत इलाका रहता है, शहर में ट्रैफिक होता है. दौड़ भाग की जिंदगी में पाटन रोड डवलप होता जा रहा है जहां लोग सस्ते प्लॉट खरीद कर अपना घर बना रहे है.
20×40 के प्लॉट पर कितना बनेगा मकान?
अगर 20×40 फीट के प्लॉट की बात करें तो इसका क्षेत्रफल 800 वर्गफीट होता है. लेकिन इसमें निर्माण के दौरान बालकनी जैसे हिस्से को जोड़ने पर निर्माण का एरिया बढ़ सकता है. ठेकेदार जय किशन के अनुसार, कुछ मामलों में करीब 60 वर्गफीट ज्यादा एरिया जोड़ा जाता है. कुल कंस्ट्रक्शन एरिया करीब 860 वर्गफीट माना जा सकता है. मकान का ठेका या निर्माण लागत इसी कुल कंस्ट्रक्शन एरिया के आधार पर तय की जा सकती है. इसलिए मकान बनवाने से पहले ठेकेदार से कंस्ट्रक्शन एरिया और भुगतान की शर्तें स्पष्ट करना जरूरी है.
1700 रुपये प्रति वर्गफीट में बन सकता है अच्छा मकान
मकान निर्माण की कीमत क्वालिटी उसकी सुविधाओं के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है. जय किशन के अनुसार करीब 1500 से 1700 रुपये प्रति वर्गफीट की दर पर कंस्ट्रक्शन का अनुमान लगाया जा सकता है. करीब 1700 रुपये प्रति वर्गफीट के बजट में अच्छी क्वालिटी के साथ मकान तैयार किया जा सकता है. इस बजट में अच्छी क्वालिटी का सरिया, मॉड्यूलर किचन, दो कमरे, हॉल, डाइनिंग एरिया, बालकनी और पार्किंग स्पेस जैसी सुविधाएं प्लान की जा सकती हैं. इसके अलावा आजकल पीवीसी विंडो का इस्तेमाल भी बढ़ रहा है, जिसे मकान के डिजाइन में शामिल किया जा सकता है. कमरों को अच्छा लुक देने के लिए फॉल्स सीलिंग भी करवाई जा सकती है. बाजार में फॉल्स सीलिंग के कई नए डिजाइन हैं, जिन्हें लोग अपने बजट और पसंद के अनुसार चुन रहे हैं.
मकान बनाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप कोटा में अपना मकान बनाने की सोच रहे हैं, तो सबसे पहले अपने बजट के हिसाब से प्लॉट का साइज और लोकेशन तय करें. इसके बाद कंस्ट्रक्शन एरिया, मटेरियल की क्वालिटी और ठेकेदार की रेट को लेकर पूरी जानकारी लें. प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी के दस्तावेज, रास्ता, बिजली-पानी की सुविधा और जरूरी सुविधाओं की भी जांच कर लें. वहीं मकान का काम शुरू करने से पहले ठेकेदार से लिखित रूप में काम की रेट, मटेरियल और कंस्ट्रक्शन में शामिल फैसिलिटी की जानकारी लेना भी जरूरी है.
पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता
कोटा में प्लॉट की कीमत और मकान के कंस्ट्रक्शन खर्च को मिलाकर करीब 20 से 21 लाख रुपये के बजट में बढ़िया मकान तैयार किया जा सकता है. इसके लिए पाटन रोड के अलावा शहर कैथून, रायपुरा, नता में रजिस्ट्री सुविधा बैंक लोनेबल प्लॉट जैसी कॉलोनियों में अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से प्लॉट तलाश सकते हैं. अपना घर हर व्यक्ति का सपना होता है. सही प्लानिंग और बजट के साथ इस सपने को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है.