चंदौली: सावन मेला और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए चंदौली पुलिस ने जिले में 3 दिनों तक विशेष रूट डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है. पुलिस विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह डायवर्जन 1 अगस्त की रात 8 बजे से 4 अगस्त की सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगा. इस अवधि में वाराणसी, मुगलसराय, रामनगर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर भारी एवं मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा तथा विभिन्न चौराहों से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा.
आलमपुर अंडरपास से किया जाएगा डायवर्ट
पुलिस के अनुसार चंदौली से वाराणसी जाने वाले सभी भारी एवं मालवाहक वाहनों को आलमपुर अंडरपास से ही डायवर्ट किया जाएगा. ये वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) के रास्ते अखरी बाईपास होकर वाराणसी पहुंचेंगे. वहीं बिहार, चंदौली और बबुरी की ओर से आने वाले ऐसे सभी वाहन, जिन्हें वाराणसी की ओर जाना है, उन्हें गोधना चौराहा से एनएच-19 की ओर मोड़ दिया जाएगा.
गोधना चौराहे की ओर किया जाएगा डायवर्ट
इसके अलावा अलीनगर और चंदौली की दिशा से आने वाले वाहनों को चकिया तिराहा (गंजी प्रसाद चौराहा) से गोधना चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा. इस व्यवस्था का उद्देश्य मुगलसराय कस्बा और पड़ाव क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करना है. वहीं, मुगलसराय से पड़ाव होते हुए वाराणसी जाने वाले भारी वाहनों को रामनगर मार्ग से एनएच-19 के जरिए अखरी बाईपास की ओर भेजा जाएगा.
शहर के सभी मुख्य मार्गों पर कम होगी भीड़
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि चंदौली से जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर जाने वाले कार, छोटे एवं मालवाहक वाहनों के लिए पंचफेड़वा रिंग रोड से होकर गंतव्य तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है. इससे मुख्य मार्गों पर भीड़ कम होगी और यात्रा सुचारु बनी रहेगी.
वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रहेगा प्रतिबंधित
डायवर्जन अवधि के दौरान कटरिया तिराहा से रामनगर-पड़ाव की ओर ट्रकों और भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. वहीं, रामनगर से मुगलसराय जाने वाले वाहनों को शाहूपुरी तिराहा से एफसीआई तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा. इसके अलावा लंका मैदान तिराहा पर हाईवे से आने वाले भारी वाहनों को पड़ाव की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी और उन्हें वहीं रोक दिया जाएगा.
श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहे सुरक्षित
चंदौली पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित एवं निर्बाध बनी रहे.