![]()
गुमला में गुरुवार सुबह ऑल इंडिया जॉइंट कमेटी के आह्वान पर चालकों ने स्टीयरिंग छोड़ आंदोलन किया। करीब 5 घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही रुक गई। यात्रियों को परेशानी हुई और सड़कों पर वाहनों की कतार लग गई। कमेटी ने चालकों के हित, अधिकार और सुरक्षा के लिए 13 मांगें रखी हैं। इनमें चालक कल्याण बोर्ड और चालक आयोग बनाने, चालक सुरक्षा कानून लागू करने और दुर्घटना की स्थिति में चालकों को कानूनी सुरक्षा देने की मांग शामिल है। चालकों के लिए बीमा, पेंशन और स्वास्थ्य सुविधाएं देने की मांग भी की गई है। आंदोलन से पहले जिला प्रशासन को प्रदर्शन और बंद की जानकारी दी गई थी। गुमला जिला उपाध्यक्ष जितेश कुमार सिंह ने कहा कि यह सभी चालकों के हक और अधिकार की लड़ाई है। जितेश कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि वाहन मालिक चालकों का शोषण करते हैं। ब्रेक फेल होने या किसी दूसरी वजह से दुर्घटना होने पर चालक को सजा भुगतनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि कई बार मौके पर मारपीट भी होती है और इसमें चालकों की जान तक चली जाती है। सूचना मिलने पर गुमला थानेदार दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया और वाहनों की आवाजाही शुरू कराने में जुटी रही।
Source link