![]()
गिरिडीह के बासाबूदा गांव में डायन का आरोप लगा दुलारी देवी की हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि महिला और उनके पति लखिराम मुर्मू को पहले पीटा गया। फिर दुलारी देवी पर धारदार हथियार से हमला किया गया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में हुई घटना की सूचना पर एसपी डॉ. बिमल कुमार ने पुलिस टीम भेजी। सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के निर्देश पर अवर निरीक्षक संजय कुमार समेत पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। रिश्तेदार के बच्चे की हुई थी मौत
लखिराम मुर्मू ने बताया कि शुक्रवार रात परिवार घर पर था। इसी दौरान उन्हें पता चला कि उनके रिश्तेदार के एक बच्चे की बीमारी से मौत हो गई है। कुछ देर बाद मोतीलाल और उसके परिवार के लोग उनके घर पहुंचे। लखिराम के मुताबिक, वे लोग उन्हें और दुलारी देवी को घर से बाहर ले गए और पीटने लगे। इसी बीच दुलारी देवी पर धारदार हथियार से वार किया गया। दुलारी देवी की पोती ने आरोप लगाया कि रिश्तेदार के लोग उनकी दादी और दादा को घर से खींचकर बाहर ले गए और मारपीट की। आंखों के सामने की गई हत्या
पोती ने कहा कि उसकी आंखों के सामने दादी की हत्या की गई। पोती के आरोप के मुताबिक, रिश्तेदार दुलारी देवी को डायन कहकर परेशान कर रहे थे। बच्चे की मौत के बाद परिवार पर डायन होने का आरोप लगाया गया था। पंचायत समिति सदस्य विकास तिवारी ने बताया कि उनके पंचायत की एक अधेड़ आदिवासी महिला की बेरहमी से हत्या की गई है। डायन का आरोप लगाकर महिला की जान लेने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बासाबूदा गांव में एक आदिवासी महिला की हत्या की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डायन का आरोप लगाकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। मामले में दो लोगो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। -जीतबाहन उरांव, सदर एसडीपीओ
Source link