![]()
पलामू में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेदिनीनगर के पंपूकल स्थित निराला छठ घाट पर इस बार व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। कोयल नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण नदी में उतरना जोखिम भरा हो सकता है। इसे देखते हुए स्थानीय लोगों ने करीब 140 फीट लंबा अस्थायी पुल तैयार किया है। लोहे के पाइप और लकड़ी की मदद से बनाए गए इस पुल के सहारे व्रती नदी में उतरे बिना बीच में स्थित बालू वाले हिस्से तक पहुंच सकेंगे। नदी किनारे पांच से छह फीट तक पानी होने के कारण श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से बचाने के लिए यह व्यवस्था की गई है। घाट पर इसी बालू वाले हिस्से में व्रतियों के अर्घ्य देने की तैयारी की गई है। बढ़ा है नदी का जलस्तर, घाट पर सुरक्षा के इंतजाम करीब 18 दिन पहले आये अर्णव तूफान के प्रभाव से कोयल नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। पानी का बहाव भी तेज है। पंपूकल में नदी किनारे से करीब 140 फीट आगे बालू का हिस्सा है। सामान्य स्थिति में श्रद्धालु नदी के रास्ते इस हिस्से तक पहुंचते हैं, लेकिन इस बार पानी की गहराई और तेज बहाव को देखते हुए अस्थायी पुल बनाया गया है। इसके अलावा घाट पर व्रतियों की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम तैयार किए गए हैं। नदी में गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। बांस की बैरिकेडिंग कर खतरनाक हिस्सों को चिह्नित किया गया है, ताकि श्रद्धालु अनजाने में जोखिम वाले स्थानों तक नहीं पहुंचें। प्रशासन की ओर से भी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। नदी घाटों पर गोताखोरों और पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। अर्घ्य को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव छठ को लेकर शहर के विभिन्न घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों को सजाया गया है। घरों में भगवान भास्कर को अर्पित किये जाने वाले प्रसाद ठेकुआ बनाने का काम भी शुरू हो गया है। पुलिस प्रशासन ने संध्या और प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की है। इसके तहत दो दिनों तक शहर में मालवाहक वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण रहेगा, ताकि घाटों तक आने-जाने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं हो। रविवार को मेदिनीनगर में शाम 5 बजकर 8 मिनट पर सूर्यास्त होगा। इस दौरान व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
Source link