Last Updated:
Amritsar News: अमृतसर में एएसआई हरजीत सिंह की हत्या से पंजाब का पुलिस महकमा सकते में आ गया था. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था कि पुलिस अधिकारी का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा.
अमृतसर में ASI हरजीत सिंह हत्याकांड मामले के मुख्य आरोपी दीपक सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया है.
Amritsar News: पंजाब पुलिस के ASI हरजीत सिंह हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है. सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है. उसकी पहचान दीपक सिंह के तौर पर की गई है. दीपक पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया था. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
पंजाब के अमृतसर में ड्यूटी के दौरान मारे गए ASI हरजीत सिंह हत्याकांड में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी की पहचान कर उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने का प्रयास किया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक सिंह पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया और इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई. इस मामले में एक अन्य संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया.
ड्यूटी के दौरान की गई थी हत्या
ASI हरजीत सिंह नंबर 1599/ASR City की 18 सितंबर 2026 को अमृतसर की दाना मंडी में ड्यूटी के दौरान हत्या कर दी गई थी. यह इलाका थाना गेट हकीमा के अंतर्गत आता है. घटना के बाद पुलिस ने FIR नंबर 281 दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस के अनुसार, आरोपी तक पहुंचने के लिए CCTV फुटेज, तकनीकी इनपुट, टावर-डंप एनालिसिस और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद ली गई. इन सुरागों के आधार पर दीपक सिंह निवासी मुलेचक, अमृतसर की पहचान की गई और उसकी तलाश शुरू की गई.
पुलिस का क्या दावा
पुलिस का दावा है कि आरोपी को पकड़ने के लिए चलाए गए ऑपरेशन के दौरान उसने नाकाबंदी वाले स्थानों पर पुलिस टीमों पर फायरिंग की. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दीपक सिंह घायल हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से .30 बोर की पिस्तौल, 2 मैगजीन, 8 जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक एक्टिवा स्कूटर बरामद करने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, स्कूटर का इस्तेमाल कथित तौर पर अपराध में किया गया था. अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है. फरार संदिग्ध की तलाश के साथ ही हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
क्या बोले पुलिस कमिश्नर
अमृतसर पुलिस कमिश्नर हरमन वीर सिंह गिल ने न्यूज18 इंडिया को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में पुलिसकर्मी हरजीत सिंह की हत्या के मामले में बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि तकनीकी इनपुट्स के आधार पर जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स का हाथ है. आरोप है कि हैंडलर्स ने पैसे और हेरोइन के लालच में पंजाब में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने के लिए आरोपियों को तैयार किया था. कमिश्नर के मुताबिक, हत्या के बाद गोली मारने का वीडियो भी बनाया गया, जिसे पाकिस्तान भेजा गया था. पुलिस इस मामले में पाकिस्तान कनेक्शन और आईएसआई तथा टीटीएच की भूमिका की जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि आरोपी दीपक सिंह मुठभेड़ में मारा गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.
ISI कनेक्शन
पंजाब के अमृतसर में ASI हरजीत सिंह हत्याकांड की जांच में आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) का लिंक सामने आने का दावा किया गया है. जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस मामले में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और आतंकी शहजाद भट्टी मॉड्यूल की भूमिका की भी जांच की जा रही है. इससे पहले अजनाला तहसील में पंजाब पुलिस के ASI जसवंत सिंह की हत्या में भी TTH का नाम सामने आया था और संगठन ने कथित तौर पर इसकी जिम्मेदारी ली थी. अधिकारियों के अनुसार, दोनों मामलों के संभावित कनेक्शन की जांच की जा रही है.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…
और पढ़ें