Chronovissor

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

यूपीएससी सिर्फ ही नहीं बनाता सेना के कई मेजर पदों पर भी करता है भर्ती


नई दिल्ली (Exams Conducted by UPSC). संघ लोक सेवा आयोग का नाम सुनते ही दिमाग में IAS, IPS और फिर लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) की खूबसूरत तस्वीरें घूमने लगती हैं. ऐसा होना लाजिमी भी है. देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा का जिम्मा यूपीएससी के कंधों पर ही जो है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि यूपीएससी सिर्फ प्रशासनिक सेवा के लिए ही परीक्षा नहीं कराती, बल्कि इसके दायरे में कई और शानदार नौकरियां भी हैं, जिनके बारे में कम ही लोग जानते हैं?

भारतीय प्रशासनिक व्यवस्था की रीढ़ कहे जाने वाले संघ लोक सेवा आयोग का इतिहास हमारे संविधान से भी पुराना है. संविधान के अनुच्छेद 315 के तहत केंद्र सरकार के बड़े और जिम्मेदार पदों पर निष्पक्ष चयन के लिए इस संस्था का गठन किया गया था. शुरुआत में इसे 1 अक्टूबर 1926 को ‘पब्लिक सर्विस कमीशन’ के तौर पर स्थापित किया गया था. फिर 26 जनवरी 1950 को संविधान के लागू होने के बाद इसका नाम ‘संघ लोक सेवा आयोग’ कर दिया गया.

यूपीएससी का काम क्या है?

संघ लोक सेवा आयोग के गठन का मुख्य मकसद यह सुनिश्चित करना था कि सरकारी नौकरी में किसी भी तरह की राजनीतिक दखलअंदाजी या भाई-भतीजावाद (पक्षपात) की कोई गुंजाइश न रहे. देश को सिर्फ और सिर्फ काबिलियत के दम पर ही सबसे योग्य अफसर मिल सकें. जानिए संघ लोक सेवा आयोग कौन-कौन से बड़े एग्जाम कंडक्ट कराता है.

सिविल सर्विसेज एग्जामिनेशन (CSE): आईएएस, आईपीएस, आईआरएस और आईएफएस बनने की राह

संघ लोक सेवा आयोग की सबसे लोकप्रिय और प्रतिष्ठित परीक्षा सिविल सर्विसेज एग्जाम ही है. इसके जरिए देश को आईएएस, आईपीएस, आईआरएस और आईएफएस (भारतीय विदेश सेवा) जैसे दिग्गज अधिकारी मिलते हैं. यूपीएससी सीएसई का क्रेज युवाओं के सिर चढ़कर बोलता है. हर साल लाखों अभ्यर्थी यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के महासंग्राम में उतरकर अपनी मेहनत के दम पर देश की नीति-निर्माण प्रक्रिया का हिस्सा बनते हैं.

एनडीए और एनए: 12वीं के बाद सेना में अफसर बनने की सीधी राह

अगर आप भारतीय सेना की वर्दी पहनकर देश सेवा करना चाहते हैं और आपका यह सपना स्कूल के दिनों से ही है तो यूपीएससी का एनडीए एग्जाम इसका सबसे बड़ा जरिया है. 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद स्टूडेंट्स नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) और नेवल एकेडमी (NA) के लिए यूपीएससी की परीक्षा दे सकते हैं. इसके जरिए आर्मी, नेवी और एयरफोर्स में परमानेंट कमीशंड ऑफिसर बनने का रास्ता खुल जाता है, वो भी बेहद कम उम्र में.

सीडीएस (CDS): ग्रेजुएशन के बाद डिफेंस में जाने का शानदार मौका

जो युवा ग्रेजुएशन यानी कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद भारतीय सेना में अफसर बनने का सपना देखते हैं, उनके लिए यूपीएससी कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) की परीक्षा आयोजित की जाती है. इसके माध्यम से चयनित युवा भारतीय सैन्य एकेडमी (IMA), नेवल एकेडमी, एयर फोर्स एकेडमी और ऑफीसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA) का हिस्सा बनते हैं. देश की तीनों सेनाओं में ऑफिसर बनने के लिए यूपीएससी का यह बेहद लोकप्रिय विकल्प है.

सीएपीएफ (CAPF): अर्धसैनिक बलों में असिस्टेंट कमांडेंट की एंट्री

क्या आप जानते हैं कि देश की सरहदों और इंटरनल सिक्योरिटी की कमान संभालने वाले अर्धसैनिक बलों (जैसे BSF, CRPF, CISF, ITBP और SSB) में सीधे गैजेटेड ऑफिसर यानी ‘असिस्टेंट कमांडेंट’ बनने का एग्जाम भी यूपीएससी ही कराती है? जी हां, यूपीएससी सीएपीएफ यानी सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस (CAPF) की परीक्षा के जरिए युवाओं को इन पैरामिलिट्री फोर्सेस में सीधे नेतृत्व करने का मौका मिलता है.

इंजीनियरिंग सर्विसेज (IES) और मेडिकल सर्विसेज (CMS)

टेक्निकल बैकग्राउंड वाले युवाओं के लिए यूपीएससी इंडियन इंजीनियरिंग सर्विसेज (IES) की परीक्षा आयोजित करती है. इसके जरिए देश के बड़े सरकारी तकनीकी विभागों और रेलवे जैसे क्षेत्रों में इंजीनियरों की भर्ती होती है. इसके अलावा, सरकारी डॉक्टर और मेडिकल प्रोफेशनल्स के लिए यूपीएससी सीएमएस यानी ‘कंबाइंड मेडिकल सर्विसेज’ का एग्जाम कंडक्ट कराया जाता है. इससे देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को टॉप लेवल के डॉक्टर मिलते हैं.

यूपीएससी परीक्षा की तैयारी से मिलते हैं जिंदगी के सबक

यूपीएससी की तैयारी करने वाला व्यक्ति परीक्षा में फेल होने भी बाद भी जीवन में कभी असफल नहीं होता. यूपीएससी परीक्षा का सिलेबस सिर्फ इतिहास, भूगोल या अर्थशास्त्र नहीं सिखाता, बल्कि जिम्मेदार नागरिक, एनालिस्ट और बेहतरीन इंसान बनाता है. देश के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक ताने-बाने को गहराई से पढ़ने पर सोचने-समझने की क्षमता (Critical Thinking) बदल जाती है. अगर आप सिर्फ नौकरी के नजरिए से नहीं, बल्कि पर्सनालिटी के सर्वांगीण विकास के लिए भी यूपीएससी के किसी एग्जाम की तैयारी करते हैं तो यह सफर जीवन का सबसे खूबसूरत और मूल्यवान अनुभव बन जाता है.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top