Last Updated:
Vedanta Group : वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने कंपनी की कमान युवा हाथों में सौंपने का ऐलान कर दिया है. उन्होंने बताया कि बेटी प्रिया जल्द ही सक्रिय भूमिका में नजर आएंगी. एक समय प्रिया का सपना बॉलीवुड और संगीत की दुनिया में अपना करियर बनाना था, लेकिन पिता की दी हुई जिम्मेदारियों को उन्होंने बखूबी निभाया.
वेदांता समूह की कमान जल्द ही युवा हाथों में जाने की संभावना है.
नई दिल्ली. वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने रिववार को भारतीय उद्योग जगत को चौंकाते हुए अपने समूह की कमान बेटी प्रिया अग्रवाल के हाथ सौंपने का ऐलान कर दिया. उन्होंने कहा कि जल्द ही समूह को युवा नेतृत्व मिलने जा रहा है और उनकी बेटी प्रिया अग्रवाल हेब्बर को उत्तराधिकारी बनाया जाएगा. अनिल अग्रवाल ने खुलासा किया कि प्रिया जल्द ही लोगों के बीच सक्रिय भूमिका में नजर आएंगी. इस ऐलान के बाद हर किसी के मन में यह जानने का कौतुहल जाग उठा है कि आखिर प्रिया के पास क्या इतना अनुभव है कि वे 6 लाख करोड़ के मार्केट कैप वाले समूह की कमान संभाल सकें.
प्रिया अग्रवाल वेदांता समूह के साथ लंबे समय से जुड़ी हुई हैं. वैसे तो उन्होंने साइकोलॉजी और फिल्म स्टडीज की पढ़ाई की है. उनका सपना संगीत की दुनिया में करियर बनाना था लेकिन पिता अनिल अग्रवाल ने 2012 में ही उन्हें कंपनी में शामिल कर लिया था. प्रिया का नाम माइनिंग की दुनिया में एक युवा उद्यमी के तौर पर लिया जाता है. फिलहाल वह हिंदुस्तान जिंक की चेयरपर्सन हैं और वंदाता लिमिटेड की नॉन एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भी हैं. इसके अलावा प्रिया अनिल अग्रवाल फाउंडेशन के निदेशक पद की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं. इसका मतलब है कि प्रिया का नाम कारोबारी दुनिया में नया नहीं है और वह समूह की कमान संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
14 साल से कारोबार की दुनिया में शामिल
अनिल अग्रवाल ने साल 2012 में प्रिया को केयर्न इंडिया के बोर्ड में शामिल कर दिया था, जो तेल और गैस सेक्टर में काम करने वाली कंपनी थी. प्रिया को शुरुआत में तो बिजनेस समझ नहीं आया, लेकिन जल्द ही उन्होंने इसकी बारिकियों को समझ लिया और परिवार के कारोबार में हाथ बंटाने लगीं. इसके बाद साल 2023 में प्रिया को हिंदुस्तान जिंक की चेयरपर्सन बना दिया जिसके बाद वह खनन क्षेत्र से भी जुड़ गईं.
अभी क्या है समूह में जिम्मेदारी
प्रिया अभी वेदांता समूह में ईएसजी ट्रांसफॉर्मेशन की जिम्मेदारी खासतौर से संभाल रही हैं और वे तेल एवं गैस सेक्टर के साथ समूह के कोर बिजनेस खनन में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं. कारोबारी सहभागिता के साथ प्रिया ने अनिल अग्रवाल फाउंडेशन के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक बनाने का मिशन नंद घर भी शुरू किया है. अभी तक वह 4 हजार से ज्यादा आंगानबाड़ी केंद्रों को आधुनिक रूप दे चुकी हैं. उन्होंने जानवरों के संरक्षण के लिए भी 2 संस्थाओं के साथ जुड़कर काफी काम किया है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…
और पढ़ें