फेसबुक, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी जिंदगी की झलक दिखाना अब आम हो चुका है. घर बदला तो वीडियो, नई कार आई तो रील, महंगे गहने पहने तो तस्वीर और कभी-कभी कैश तक कैमरे के सामने आ जाता है. लेकिन यही ऑनलाइन चमक अगर किसी अपराधी की नजर में आ जाए तो मामला खतरनाक हो सकता है. तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले में यूट्यूबर कपल के घर हुई चोरी ने इसी बात को फिर साबित कर दिया है.
नागरकोइल के पास थम्माथुकोनम के वीआईपी गार्डन इलाके में रहने वाले यूट्यूबर कपल के घर में सेंधमारी हुई है. आरोप है कि चोर घर के पिछले हिस्से का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और करीब 118 सॉवरेन सोने के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए.
पुलिस के मुताबिक, चोरों ने घर के पिछले हिस्से को निशाना बनाया. दरवाजा तोड़ने के बाद वे घर के अंदर पहुंचे और वहां रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
चोरी की सूचना मिलने पर राजक्कमंगलम पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घर के साथ-साथ आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है.
पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, घर से 118 सॉवरेन सोने के गहने चोरी हुए हैं. दक्षिण भारत में सोने की मात्रा बताने के लिए सॉवरेन का इस्तेमाल किया जाता है और एक सॉवरेन करीब 8 ग्राम के बराबर होता है. इस हिसाब से चोरी हुआ सोना करीब 944 ग्राम बैठता है.
यानी घर से लगभग एक किलो सोना गायब है. इसके अलावा नकदी चोरी होने की भी बात सामने आई है. हालांकि कितनी नकदी चोरी हुई, इसका अंतिम आंकड़ा जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा. इतनी बड़ी मात्रा में सोना घर में मौजूद होना और फिर उसी घर को निशाना बनाया जाना पुलिस के लिए जांच का अहम बिंदु बन गया है.
इस मामले में सबसे दिलचस्प कड़ी सोशल मीडिया से जुड़ती नजर आ रही है. घर की मालकिन मधुमिता यूट्यूब और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खूब वीडियो और रील्स डालती हैं. उनके पति विनोद कुमार भी कंटेंट बनाते हैं.
रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों की इन वीडियो में उनकी निजी जिंदगी और लग्जरी लाइफस्टाइल की झलक भी दिखाते है. उनके सोशल मीडिया कंटेंट में महंगे गहने और दूसरी कीमती चीजें भी नजर आती रही हैं.
ऐसे में अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या सोशल मीडिया पर दिखाई गई इन्हीं चीजों से किसी व्यक्ति को घर में मौजूद कीमती सामान के बारे में जानकारी मिली थी.
जांचकर्ताओं के सामने दूसरा बड़ा सवाल घर में दाखिल होने के तरीके को लेकर है. चोरों ने मुख्य दरवाजे के बजाय पिछले दरवाजे को चुना. ऐसे में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपियों ने वारदात से पहले इलाके की रेकी की थी. क्या उन्हें पता था कि घर के पीछे से प्रवेश करना आसान है? क्या उन्हें पहले से मालूम था कि घर में सोना रखा हुआ है? या फिर चोरी का निशाना अचानक तय किया गया? इन सवालों के जवाब CCTV फुटेज और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों से तलाशे जा रहे हैं.
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात के समय इलाके में कौन-कौन मौजूद था. आरोपी पैदल आए थे या किसी वाहन से? चोरी के बाद वे किस रास्ते से भागे? कितने लोग इस वारदात में शामिल थे? इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.