![]()
छठ महापर्व पर घर लौटने की तैयारी कर रहे लोगों की जेब पर इस बार महंगाई की दोहरी मार पड़ रही है। रांची से बिहार जाने वाली नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग और कई ट्रेनों में टिकटों की बुकिंग बंद होने के कारण यात्रियों के सामने दूसरे विकल्प तलाशने की मजबूरी है। इसका सीधा असर बस और हवाई यात्रा के किराये पर पड़ा है। रांची से पटना, दरभंगा और समस्तीपुर जाने वाली बसों का किराया सामान्य दिनों की तुलना में डेढ़ से दो गुना तक बढ़ गया है। वहीं, रांची से पटना की हवाई यात्रा के लिए यात्रियों को सामान्य किराये से करीब तीन गुना अधिक रकम चुकानी पड़ रही है। सामान्य दिनों में रांची से पटना का हवाई किराया करीब 4 हजार रुपए रहता है, लेकिन 10 से 14 नवंबर के बीच पीक डिमांड के कारण यह बढ़कर 9 हजार से 12 हजार रुपए तक पहुंच गया है। त्योहार पर परिवार के साथ छठ मनाने और तय समय पर घर पहुंचने की मजबूरी में लोग महंगे टिकट खरीदने को विवश हैं। बसों में पटना के लिए 2000, दरभंगा का 2500 रुपए ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के कारण बड़ी संख्या में यात्री बसों का रुख कर रहे हैं। रांची के बस स्टैंड और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिहार जाने वाली बसों की मांग बढ़ गई है। इसका फायदा उठाते हुए बस संचालकों ने किराये में बढ़ोतरी कर दी है। रांची से पटना जाने के लिए यात्रियों को एक सीट का किराया करीब 2 हजार रुपए तक देना पड़ रहा है। वहीं, आधुनिक एसी बसों में दरभंगा जाने का किराया 2500 रुपए तक पहुंच गया है। समस्तीपुर जाने वाली बसों के किराये में भी बढ़ोतरी हुई है। सामान्य दिनों में कम खर्च में सफर करने वाले यात्रियों को अब छठ के मौके पर घर पहुंचने के लिए अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। खासकर परिवार के साथ यात्रा करने वालों का बजट बिगड़ रहा है। बसों में भीड़ बढ़ने के कारण समय पर टिकट मिलना मुश्किल होता जा रहा है। ट्रेनों में नो रूम, नियमित गाड़ियों में 100 तक वेटिंग 10 से 14 नवंबर के बीच बिहार जाने वाली नियमित ट्रेनों में सीटों को लेकर भारी मारामारी है। हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस (18626) में 12 नवंबर तक स्लीपर और थर्ड एसी इकोनॉमी में टिकट रिग्रेट हो चुका है। 14 नवंबर तक सभी श्रेणियों में सीटें फुल हैं। पाटलिपुत्र, इस्लामपुर और भागलपुर जाने वाली नियमित ट्रेनों के स्लीपर में 80 से 100 से अधिक वेटिंग चल रही है। पटना जनशताब्दी के सेकेंड सीटिंग में वेटिंग 127 और चेयरकार में 50 तक पहुंच गई है। ऐसे में यात्रियों के पास महंगी बस और हवाई यात्रा का विकल्प चुनने के अलावा सीमित रास्ते बच रहे हैं। छठ के कारण बिहार जाने वाले प्रवासियों की संख्या बढ़ने से परिवहन के सभी साधनों पर दबाव है। स्पेशल ट्रेनों में 610 सीटें उपलब्ध महंगे किराये और नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग के बीच रेलवे की पूजा स्पेशल ट्रेनें यात्रियों को राहत दे रही हैं। रांची से बिहार के विभिन्न शहरों के लिए चलने वाली पांच प्रमुख स्पेशल ट्रेनों में स्लीपर की 489 और एसी श्रेणियों की 121 सीटें खाली हैं। सबसे अधिक राहत 13 नवंबर को चलने वाली रांची-पूर्णिया स्पेशल में है, जिसमें स्लीपर की 260 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं, रांची-झंझारपुर स्पेशल में स्लीपर की 156 और थर्ड एसी इकोनॉमी की 94 सीटें खाली हैं। इसके अलावा पोत्तनूर-दरभंगा, गोंदिया-पटना और चर्लपल्ली-पटना स्पेशल में भी सीमित सीटें उपलब्ध हैं। रेलवे की इन स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को महंगी बस और हवाई यात्रा के मुकाबले कम खर्च में घर पहुंचने का विकल्प मिल सकता है।
Source link