![]()
धनबाद के नॉर्थ लोको टैंक यानी पंपू तालाब की खराब हालत को देखते हुए इस बार छठ व्रतियों के लिए झारखंड मैदान में कृत्रिम तालाब बनाया जा रहा है। इससे डीएस कॉलोनी, अजंता पाड़ा और चीरागोड़ा के श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने के लिए वैकल्पिक घाट मिलेगा। झारखंड मैदान में सत्यम शिवम सुंदरम दुर्गा पूजा समिति और देव सेना ने तालाब बनाने का काम शुरू कर दिया है। फिलहाल चारदीवारी के लिए ईंटें जोड़ी जा रही हैं। तालाब 90 फीट लंबा और 12 फीट चौड़ा होगा। व्रतियों की सुविधा के लिए तालाब के चारों तरफ सीढ़ियां बनाई जा रही हैं। श्रद्धालु इनसे पानी में उतरकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दे सकेंगे। निर्माण पूरा होने के बाद तालाब में पानी भरा जाएगा। सत्यम शिवम सुंदरम दुर्गा पूजा समिति के मीडिया प्रभारी विकास साव ने बताया कि पंपू तालाब का जलस्तर पूरी तरह नीचे चला गया है। वहां पानी की जगह गाद बची है, इसलिए छठ व्रतियों के लिए अर्घ्य देना मुश्किल है। इसी वजह से पहली बार झारखंड मैदान में कृत्रिम तालाब बनाने का फैसला लिया गया। विकास साव ने बताया कि व्रतियों की सुविधा के लिए डीएस कॉलोनी मोड़ से झारखंड मैदान मोड़ तक कारपेट भी बिछाया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में आसानी होगी। आसपास के मोहल्लों के लोगों को पंपू तालाब की खराब हालत के कारण दूसरे घाटों पर नहीं जाना पड़ेगा।
Source link