![]()
साहिबगंज जिले के वृंदावन पंचायत के कड़माटोला गांव में बुधवार को 47 वर्षीय रणधीनी सोरेन का शव घर में खटिया पर मिला। उनकी बेटी चुड़की बेसरा झंडी मेला देखकर लौटी थी। पुलिस ने बेटे बिष्णु बेसरा उर्फ हेपा बेसरा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। चुड़की अपने पति के साथ कल्याणचक में लगे झंडी मेले में गई थी। घर लौटने पर उसने मां को खटिया पर मृत पाया। उसने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। गांव के प्रधान के जरिए पुलिस को सूचना दी गई। तीनपहाड़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी घर के पास जुट गए। ग्रामीणों के मुताबिक, रणधीनी का अपने बेटे से अक्सर विवाद होता था। पिछले महीने इस विवाद को लेकर प्रधान और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत भी हुई थी। पुलिस ने पारिवारिक विवाद और मौत के बीच संबंध की पुष्टि नहीं की है। राजमहल इंस्पेक्टर राजीव रंजन, तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत और एएसआई प्रदीप यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल देखा और आसपास के लोगों से पूछताछ की। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चलेगा।
Source link